पीएम मोदी बर्थ डेः उत्तराखंड में कटा 76 किलो बूंदी का केक, साधु संतों ने दी बधाई

1 min read

हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन देशभर में धूमधाम के साथ मनाया गया। धर्म नगरी हरिद्वार में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। हरिद्वार के मिश्री मठ में भी साधु संतों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को मानव सेवा दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान संतों ने 76 किलो से बना बूंदी से केक काटा। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की।
इस अवसर पर अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक और नया अखाड़ा के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किए जा रहे हैं। सनातन धर्म के लिए भी उनके कार्य अभूतपूर्व रहे हैं। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण इसका प्रमुख उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण का कार्य बिना किसी रक्तपात और लड़ाई झगड़े के पूरा हुआ।आज पूरा विश्व अयोध्या राम मंदिर की सराहना कर रहा है।
इसके साथ ही करौली शंकर महाराज ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने का संदेश दिया है। इसी भावना के तहत संत समाज ने भी उनके जन्मदिन पर मानव सेवा का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा मानव सेवा को विश्व की सबसे बड़ी सेवा माना गया है। जरूरतमंदों की सहायता और समाज के हित में किए जाने वाले कार्यों को आगे बढ़ाना ही जन्मदिन मनाने का सार्थक तरीका है।
बड़ा अखाड़ा के कारोबारी महंत गोविंद दास महाराज ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर लोगों से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई है। संत समाज भी सेवा के इन प्रकल्पों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता, सेवा और कल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मां मनसा देवी मंदिर में भी विशेष पूजा अर्चना और यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी के नेतृत्व में संतों और श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूजा अर्चना के उपरांत मंदिर परिसर में आए सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद एवं मिठाई का वितरण किया।इस मौके पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्रपुरी ने बताया आगामी 7 अक्टूबर को गांधी नगर में श्री कृष्ण जन्मभूमि अभियान को लेकर विशेष धार्मिक अनुष्ठान होने जा रहा है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.