तलवार दंपत्ति ने जनसंख्या नियंत्रण को लेकर किया जनजागरण

मसूरी। पिछले कई वर्षों से देशभर में बढ़ती जनसंख्या के प्रति जनजागरण अभियान चला रहे तलवार दंपत्ति दिनेश तलवार एवं दिशा तलवार ने  मसूरी के लाइब्रेरी चैक से पिक्चर पैलेस तक पदयात्रा निकालकर लोगों को जनसंख्या वृद्धि के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान तलवार दंपति ने कहा कि यदि समय रहते जनसंख्या नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले वर्षों में भारत की आबादी 200 करोड़ तक पहुँच सकती है, जिससे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, जल और अन्य संसाधनों पर भारी दबाव पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे देश के प्रधानमंत्री से आग्रह करें कि राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए देश में दो बच्चों का कानून बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अभियान किसी धर्म, जाति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के हित में चलाया जा रहा है। दिनेश तलवार ने कहा कि मसूरी जैसे पर्यटन स्थल पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग आते हैं, इसलिए यहाँ जनजागरण अभियान चलाने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुँचाना है कि बढ़ती जनसंख्या देश की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और इस पर राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर चर्चा तथा ठोस नीति बनाने की आवश्यकता है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.