क्विज प्रतियोगिता में ओक ग्रोव स्कूल पहले व सरस्वती विद्या मंदिर दूसरे स्थान पर रहा
1 min readमसूरी। भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत न्यास इंटेक के तत्वाधान में आयोजित इंटर स्कूल हेरिटेज क्विज का तीसरा राउंड महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कालेज मसूरी के सभागार में आयोजित किय गया। जिसमें ओक ग्रोव स्कूल मसूरी ने पहला स्थान हासिल किया।
इंटेक की ओर से आयोजित हेरिटेज क्विज प्रतियोगिता में शुरूआती राउंड में शहर के विभिन्न स्कूलों के 60 से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया। शुरुआती लिखित क्विज राउंड में सबसे अधिक स्कोर करने वाले छात्र फाइनल राउंड में पहुँचे। ओरल क्विज मौखिक प्रश्नोत्तरी के फाइनल राउंड के लिए टॉप 8 छात्रों को चुना गया। जिन्होने अपनी स्मरण शक्ति व इतिहास की जानकारी की प्रतिभा का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में ओक ग्रोव स्कूल, मसूरी ने पहला पुरस्कार जीता। महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर और सीजेएम हैम्पटन कोर्ट को क्रमशः दूसरा और तीसरा पुरस्कार मिला। हेरिटेज क्विज के फाइनल राउंड में राज बिजलवान क्विज मास्टर थे। जबकि प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पूर्व आईजी बीएसएफ मनोरंजन त्रिपाठी थे। मुख्य अतिथि मनोरंजन त्रिपाठी ने छात्रों को बधाई दी और उन्हें विरासत और संस्कृति पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होेने कहा कि इस प्रतियोगिता का दिन भारतीय ज्ञान, संस्कृति, विरासत, कला और परंपराओं की गहराई को जानने-समझने का दिन था। इस मौके पर इंटेक मसूरी चैप्टर की सह-संयोजक सुरभि अग्रवाल ने विरासत और उसके संरक्षण के प्रति समझ और चिंता विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान इंटेक मसूरी चैप्टर की सह-संयोजक जैजैवंती कर्णवाल और टीम के सदस्य शैलेंद्र कर्णवाल, हर्षदा वोराह, संयुक्ता शर्मा, कृति साहनी, अभिनव कर्णवाल, कुश वर्मा, रश्मि कर्णवाल, मनमोहन कर्णवाल, और राज बिजलवाण मौजूद थे।
