बैठक में लंढौर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर हुई चर्चा
1 min read
मसूरी। नगर पालिका परिषद कार्यालय में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में लंढौर के स्थानीय व्यापारियों एवं पुलिस प्रशासन की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंढौर बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा रोजाना लगने वाले जाम से आमजन व पर्यटकों को निजात दिलाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित लंढौर के व्यापारियों ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा प्रमुख स्थलों पर वन-वे व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का अनुरोध किया गया। इस पर त्वरित निर्णय लेते हुए अध्यक्ष मीरा सकलानी ने पुलिस विभाग को स्कूली समय के दौरान लंढौर बाजार, घण्टाघर मे अनिवार्य रूप से वन-वे व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। मार्ग में बाधा बन रहे वाहनों एवं अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाते हुए कर अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि वे बाजार में मुनादी करवाकर व्यापारियों से दुकानें के बाहर रखा सामान अंदर करवाने तथा वाहनों को लंढौर पार्क की पार्किंग में ही पार्क कराने की व्यवस्था बनाएं। बैठक में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चैहान ने बताया कि व्यापारियों के प्रतिनिधियों एवं पुलिस टीम के सहयोग सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जाएगा। चार दुकान व धनोल्टी जाने वाले वाहनों को घंटाघर से सिविल अस्पताल रोड से भेजा जायेगा, लोकल चार पहिया वाहनों व एंबुलेंस को बाजार से जाने की अनुमति होगी, लेकिन एंबुलेंस को छोड कर सभी चार पहिया वाहन साउथ रोड से जायेंगे, इसके अतिरिक्त, नगर पालिका द्वारा यातायात मार्गदर्शन हेतु जैपी बैंड, घण्टाघर, साउथ रोड, सिविल रोड एवं अनुपम चैक पर स्पष्ट साइन बोर्ड स्थापित किए जाएंगे। वहीं डिजिटल स्तर पर यातायात सुगम बनाने के लिए क्षेत्राधिकारी मसूरी को पत्र प्रेषित किया जाएगा ताकि गूगल मैप पर भी मसूरी में प्रचलित वन-वे रूट को अपडेट कर प्रदर्शित कराया जा सके। बैठक में पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, कर अधीक्षक अनिरुद्ध चैधरी, विनोद थपलियाल, कोतवाल देवेंद्र चैहान, एसआई राजेंद्र रमोला एवं लंढौर बाजार के व्यापारी उपेंद्र पंवार, मनोज अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, अखिलेश रावत, आयुष बंसल, आनंद रस्तोगी, आदि मौजूद रहे।
