वैकल्पिक किमाड़ी मार्ग भी भूस्खलन की चपेट में, पहाड़ी से मलबा गिरने से बंद हो रही सड़क

1 min read

मसूरी। लगातार हो रही बारिश के चलते मसूरी-देहरादून का वैकल्पिक किमाड़ी मार्ग भी भूस्खलन की चपेट में आ गया है। मार्ग पर पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण सड़क अवरुद्ध होने लगी है। हालंाकि मौके पर जेसीबी होने से लगातार सूचना मिलने पर जेसीबी रोड को सुचारू कर रही है लेकिन हर समय खतरा बना है।
स्थानीय निवासी अनिल ने बताया कि लंबीधार किमाड़ी मार्ग पर रात की बारिश से कई जगह मलवा आ गया व कई स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है जिसके कारण बार बार सड़क बंद हो रही है। लेकिन जेसीबी मौके पर होने से रोड खोला जा रहा है। स्थानीय निवासी अनिल के अनुसार यदि इसी तरह मलबा गिरता रहा तो मार्ग को खोलने में कम से कम 24 घंटे या उससे अधिक समय लग सकता है। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंच गई है, लेकिन उसी दौरान पहाडी से बडा भूस्खलन हो गया जिस पर अधिकारियों का कहना है कि जब तक पहाड़ी से मलबा गिरना बंद नहीं होता, तब तक सड़क खोलने का कार्य शुरू करना जोखिम भरा रहेगा। गौरतलब है कि मसूरी-देहरादून का मुख्य मार्ग पहले ही भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो चुका है। मरम्मत के बाद उसे दोबारा यातायात के लिए खोला गया था, लेकिन वह फिर से क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसे में अब वैकल्पिक किमाड़ी मार्ग पर भी भूस्खलन शुरू होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.