मंत्री जोशी ने दिए सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश  

मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों के संबंध में जिला प्रशासन, वन विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अवैध अतिक्रमण रोकने और प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र के गल्जवाड़ी, गजियावाला, झाड़ीवाला सहित अन्य क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के मामलों में जिला प्रशासन, वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री गणेश जोशी ने मसंदावाला क्षेत्र का भी उल्लेख करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जंगल से आने वाले बरसाती पानी के कारण ग्रामीणों के घरों में जलभराव की समस्या न हो। इसके लिए शीघ्र तकनीकी सर्वे कर अनुमान एस्टीमेट तैयार किया जाए तथा आवश्यक निर्माण कार्य कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस प्रकार के अतिक्रमण को रोकने के लिए नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिलाधिकारी आशीष चैहान, डीएफओ देहरादून नीरज शर्मा, रेजर शुचि चैहान, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह सहित जिला प्रशासन, वन एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.