हरेला पर्व पर मसूरी में विभिन्न संस्थाओं और संगठनों ने किया पौधारोपण

1 min read

मसूरी। लोक पर्व हरेला पर मसूरी में विभिन्न संस्थाओं व संगठनों द्वारा पौधारोपण किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार व शोभाकार पौधे लगाए गए। इस मौके पर पौधों की सुरक्षा का संकल्प भी लिया गया। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने हरेला पर्व के अवसर पर मसूरी स्थित आईटीबीपी अकादमी परिसर में आईटीबीपी के अधिकारियों एवं हिम प्रहरियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आईटीबीपी द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे हिम प्रहरी देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग मिलकर प्रकृति संरक्षण के इस अभियान में भागीदारी निभाएं, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और समृद्ध प्राकृतिक धरोहर प्रदान की जा सकती है। इस दौरान टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी, जवान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मसूरी महिला कांग्रेस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के लगभग 60 से 70 पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए। वृक्ष ही हमारे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर उपस्थित सभी महिलाओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जसबीर कौर, सुदेश सैनी, विजयलक्ष्मी आर्या, पिंकी, सुमन, सुनीता, गार्गी, मंजू, सुधा भंडारी, सरोजनी, बबली खान, कांता, कुवरी, सुशीला, सुंदरी, उजला, रेखा, दीक्षा, सुधा, सुनीता सेमवाल, संगीता भंडारी, ममता, गीता, निशा सहित अनेक महिलाओं ने सहभागिता की।


गुरु नानक 5जी सैंटनरी स्कूल में लोक पर्व हरेला का आयोजन बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, वृक्षारोपण तथा उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा। विद्यार्थियों ने चार्ट, पोस्टर व कविता के माध्यम से हरेला पर्व के महत्व पर विचार प्रस्तुत किए एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय परिसर में पौधारोपण बड़े उत्साह के साथ किया गया तथा विद्यार्थियों ने प्रत्येक वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य अनिल तिवारी ने कहा कि हरेला केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रकृति के साथ हमारी कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से वृक्षों के संरक्षण को दैनिक जीवन शैली का हिस्सा बनाने के लिए कहा। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि उनके संरक्षण और नियमित निगरानी की भी व्यवस्था की जाएगी। ऐसा करने पर आगामी वर्षों में मसूरी और अधिक हरा भरा और प्रदूषण मुक्त बन सकेगा। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। एसडीएम मसूरी राहुल आनंद, सामाजिक कार्यकर्ता संदीप साहनी व संजय अग्रवाल ने कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिल तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी सुनील बक्शी, प्रधानाध्यापक कुलदीप सिंह त्यागी, नीता तिवारी, देवयानी सरकार, अवनीत कौर, आफाक खान, प्रदीप ध्यानी, राकेश नौटियाल, समस्त अध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।


सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी में उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। हरेला पर एक पौधा लगाने की परंपरा है। इसी के तहत इस पावन अवसर पर मसूरी के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वानुस करकैटा, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी, मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल व सचिव अजय भार्गव ने छात्रों के साथ मिलकर कचनार, गुलमोहर, भीमल, टिकोमा, अमलतास और पांगर के लगभग 400 पौधों का रोपण किया।
छात्रों को पौधों का हमारे जीवन में महत्व बताते हुए प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन ने कहा कि पौधे जीवनदायी होते हैं, प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। तभी हमारा पर्यावरण सुरक्षित और भावी जीवन खुशहाल रह सकता है। पौधे लगाते हुए छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था। प्रधानाचार्य ने न केवल पौधे लगवाए बल्कि छात्रों को उनकी देखभाल का दायित्व भी दिया। प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वानुस करकैटा, स्टेट मैनेजर प्रवीन गुसाईं व पीआरओ भवनेश नेगी के दिशा-निर्देशन में इस कार्यक्रम का समापन हुआ।


——————————————–

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.