लापता युवक को पुलिस ने ढूंढकर परिजनों को सौंपा
मसूरी। मसूरी घूमने आये परिवार का युवक गांधी चैक से अचानक गायब हो गया, जिसे परिजनों काफी ढूंढा जब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गयी। कोतवाली में मोहित शर्मा पुत्र राजेश कुमार शर्मा, निवासी 52, गणेश नगर एक्सटेंशन, दिल्ली ने आकर बताया कि वे अपने परिवार के साथ मसूरी घूमने आए थे। उनका लगभग 18 वर्षीय पुत्र जतिन शर्मा पुत्र मोहित शर्मा गांधी चैक, मसूरी से कहीं चला गया है। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया तथा उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। कुछ समय पश्चात मोबाइल फोन सक्रिय होने पर उसकी लोकेशन हैप्पी वैली, मसूरी क्षेत्र में प्राप्त हुई। प्राप्त लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची तथा हैप्पी वैली पोलो ग्राउंड से जतिन शर्मा को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन के उपरांत युवक को सकुशल उसके पिता मोहित शर्मा के सुपुर्द किया गया। अपने पुत्र के सकुशल मिलने पर परिजनों ने थाना मसूरी पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। युवक को बरामद करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल विनोद चैहान, होमगार्ड संजीत थे।
