कार खाई में गिरी, चार लोग घायल

मसूरी। बालाहिसार क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी जिसमें सवार तीन महिलाएं व एक बच्चा घायल हो गये, सूचना मिलने पर पुलिस व फायर सर्विस मौके पर पहुंची व तत्काल उप जिला चिकित्सलय ले गये जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर देहरादून रैफर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल पर सूचना मिली कि एक कार बालाहिसार में अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी जिसमें कुछ व्यक्ति सवार होने की संभावना है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली मसूरी से पर्याप्त पुलिस बल आपदा राहत उपकरणों सहित तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ,साथ ही चैकी कुलड़ी एवं चैकी बार्लोगंज से भी पर्याप्त पुलिस बल को मौके पर पहुंचने हेतु निर्देशित किया गया। सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर सर्विस एवं एसडीआरएफ को भी घटना के संबंध में सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर देखा कि एक मारुती वैगनआर कार संख्या पीबी 27एच 0946 बाला हिसार रोड से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई थी। वाहन में कुल तीन महिला व एक बच्चा  सवार था जिन्हें स्थानीय लोगों की सहायता से खाई से बाहर निकालकर उपचार हेतु एंबुलेंस के माध्यम से पुलिस के साथ सिविल अस्पताल मसूरी भिजवाया गया। घटना के संबंध में परिजनों को सूचित किया गया है। घायलों में प्रियांजली रावत पुत्री राज रावत, निवासी भानियावाला, देहरादून, उम्र 26 वर्ष, लकी देवी पुत्री श्यामल शील, निवासी शांतिपारा, डिबरूगढ़, असम, उम्र 24 वर्ष, रोनित रावत पुत्र राज रावत, निवासी भानियावाला, देहरादून, उम्र 05 वर्ष, आकांक्षा नौटियाल पुत्री ओमप्रकाश नौटियाल, निवासी शिमला बाईपास, देहरादून, उम्र 23 वर्ष थे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.