मसूरी में पेयजल किल्लत से हो रही परेशानी, होटल एसोसिएशन ने सीएम को भेजा ज्ञापन
मसूरी। इन दिनों मसूरी में पर्यटन सीजन पूरे शबाब पर है लेकिन पानी की कमी के कारण होटल, रेस्टोरेंटो सहित स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि सामान्य दिनों से भी कम पानी की आपूर्ति की जा रही है जिसमें प्रेशर भी नहीं है। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। होटल एसोसिएशन ने एसडीएम कार्यालय के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी व प्रदेश के काबीना मंत्री गणेश जोशी को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की है।
ज्ञापन में अवगत कराया गया कि मसूरी की पेयजल समस्या के समाधान के लिए 144 करोड की यमुना पेयजल योजना बनायी गयी व तब कहा गया था कि मसूरी को 2054 तक पानी की कोई कमी नहीं होगी, लेकिन स्थिति इसके विपरीत है, लोगों को पानी की बूंद बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। जिसका सीधा प्रभाव पर्यटन पर पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गयी कि जल संस्थान व जल निगम को सख्त आदेश दे कि पानी की आपूर्ति नियमित समय से व अधिक मात्रा में करें। जानकारी देते हुए होटल एसोसिएशन के सचिव अजय भार्गव ने बताया कि जल निगम व जल संस्थान के आपसी तालमेल ने होने से पानी की समस्या हो रही है, न ही पानी की वितरण प्रणाली सही है। उन्होंने कहा कि इन दिनों पानी की कमी से होटल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। ऐसे में आम जनता को व पर्यटन व्यवसायियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। जब मसूरी घूमने आये पर्यटक को हम सुविधा नहीं दे पायेंगे तो इससे मसूरी की छवि खराब होगी। ज्ञापन देने वालों में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, सचिव अजय भार्गव, अमित वैश्य थे।
