वार्षिक एथलेटिक मीट में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया
1 min read
मसूरी। गुरु नानक फिफ्त सेंटेनरी स्कूल में वार्षिक एथलेटिक मीट का आयोजन बड़े उत्साह, खेल भावना एवं हर्षाेल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल तिवारी ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिला कर किया। कार्यक्रम का आरंभ पीटी प्रतियोगिता से हुआ। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में रंजीत सदन व बालिका में अटारी सदन ने ट्राफी कब्जाई।
विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने अपने-अपने सदन की वेशभूषा में अनुशासन एवं एकता का परिचय देते हुए पीटी प्रस्तुत की। पीटी में प्रथम स्थान नालवा सदन, द्वितीय स्थान पर रंजीत, तृतीय स्थान अजीत तथा चतुर्थ स्थान अटारी सदन ने प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने सलामी लेकर छात्रों का उत्साह वर्धन किया। एथलेटिक्स में अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिनमें 100 मी दौड़, 800 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक तथा बाधा दौड़ प्रमुख थे। छात्रों ने पूरी खेल भावना तथा उत्साह से सभी दौड़ में भाग लिया व अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दर्शकों की तालियों एवं उत्साहवर्धन से मैदान का वातावरण अत्यंत जीवंत और रोमांचकारी बन गया। प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ नहीं बनाते बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व और टीम भावना का भी विकास करते हैं। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा विजेताओं को बधाई दी। अंत में विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में रंजीत सदन ने जबकि बालिका वर्ग में अटारी सदन ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर ट्राफी कब्जाई। प्रधानाचार्य ने विजेता ट्रॉफी प्रदान की। कार्यक्रम के समापन में प्रधानाचार्य ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजक आर अंसारी के प्रयासों की सराहना की इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा।
