यमुनोत्री-गंगोत्री धाम में चार लाख के पार पहुंची श्रद्धालुओं की संख्या

उत्तरकाशी। राज्य में चल रही चारधाम यात्रा लगातार गति पकड़ रही है। श्री यमुनोत्री धाम और श्री गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए किए गए व्यापक इंतजामों के चलते तीर्थयात्री निर्बाध रूप से दर्शन कर रहे हैं।
यात्रा बुलेटिन के अनुसार,बुधवार 13 मई 2026 को शाम 6.30 बजे तक दोनों धामों में कुल 26,718 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इनमें 14,044 पुरुष, 12,116 महिलाएं और 558 बच्चे शामिल रहे। चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कुल 4,12,815 श्रद्धालु यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2,07,390 है वहीं गंगोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2,05,425 है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या से स्पष्ट है कि इस वर्ष यात्रा के प्रति देशभर के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
यात्रा मार्गों पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हैं। बुधवार को दोनों धामों के लिए कुल 2,243 वाहनों का संचालन किया गया, जिनमें यमुनोत्री धाम के लिए 1,013 वाहन रहे वहीं गंगोत्री धाम के लिए 1,230 संचालित किये गये। इस यात्रा सीजन में अब तक कुल 40,989 वाहनों के माध्यम से श्रद्धालु इन दोनों पवित्र धामों तक पहुंच चुके हैं।
Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.