मसूरी झील के समीप ट्रक गहरी खाई में गिरा, एक व्यक्ति की मौत

मसूरी। मसूरी देहरादून मार्ग पर प्रातः एक ट्रक अनियंत्रित होकर मसूरी झील के समीप दो सौ मीटर खाई में गिर गया। सूचना पर फायर विभाग, एसडीआरएफ व पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक में दो लोग सवार थे जिसमें चालकी की मौके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस ने अवगत करया कि सुबह करीब साढे पांच बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि देहरादून मसूरी मार्ग पर एक ट्रक खाई में गिर गया है। सूचना पर कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम आपदा उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची तथा फायर सर्विस, एसडीआरएफ एवं 108 एम्बुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। मौके पर पहुंचने पर ज्ञात हुआ कि मसूरी झील से लगभग 200 मीटर आगे, देहरादून की ओर ट्रक संख्या यूके 07सीबी 1727, कोल्ड ड्रिंक, तेल एवं अन्य राशन सामग्री लेकर रेलवे स्टेशन देहरादून से उत्तरकाशी की ओर जा रहा था, अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में ट्रक चालक मुबारिक पुत्र इलियास अली निवासी ग्राम टिमली, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र 36 वर्ष की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं हेल्पर साजिद पुत्र रहमत निवासी ग्राम टिमली, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून, उम्र 30 वर्ष घायल हो गया। पुलिस ने एसडीआरएफ व फायर की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक के शव एवं घायल व्यक्ति को खाई से बाहर निकाला गया तथा 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल भेजा गया। घायल के परिजनों एवं वाहन स्वामी को सूचित कर दिया गया है। मृतक के शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है तथा पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।
————————————————-

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.