केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाआेंं का आईजी ने लिया जायजा

1 min read

रूद्रप्रयाग। 22 अप्रैल से प्रारम्भ होने जा रही केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रा से पूर्व सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं पुलिस बल की सुविधाओं का जायजा लेने के गए पुलिस महानिरीक्षक (साइबर व एसटीएफ) नीलेश आनन्द भरणें ने जनपद रुद्रप्रयाग में विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।
आईजी भरणें ने जनपद सीमा से जवाड़ी बाईपास, सीतापुर, सोनप्रयाग होते हुए गौरीकुण्ड तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर यातायात, पार्किंग एवं पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात केदारनाथ धाम पहुंचकर मंदिर परिसर, रजिस्ट्रेशन काउंटर, हेलीपैड एवं पुलिस चौकी में सुरक्षा एवं आवासीय व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईटीबीपी एवं पुलिस जवानों से संवाद कर वर्तमान चुनौतियों की जानकारी ली। गौरीकुण्ड क्षेत्र में पैदल मार्ग, घोड़ा पड़ाव, शटल सेवा एवं तप्तकुण्ड का निरीक्षण करते हुए प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चौकी गौरीकुण्ड, कोतवाली सोनप्रयाग एवं एसडीआरएफ कैम्प में पुलिस बल की सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।
सीतापुर एवं सोनप्रयाग पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर वाहनों की सुचारु एंट्री-एग्जिट एवं भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने अवगत कराया कि पूरे यात्रा मार्ग को तीन सुपर जोन, 17 जोन एवं 47 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जबकि यातायात प्रबंधन हेतु 2 सुपर जोन एवं 4 ट्रैफिक जोन बनाए गए हैं। आईजी भरणें ने यात्रा के दौरान ड्रोन एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, अफवाहों पर नियंत्रण तथा हेलीकॉप्टर टिकटों के नाम पर होने वाली ठगी रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल को श्रद्धालुओं के साथ मृदु व्यवहार रखने, उन्हें मौसम एवं यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी देने तथा गूगल ट्रांसलेटर जैसे तकनीकी साधनों का उपयोग कर बाहरी राज्यों से आए यात्रियों की सहायता करने को भी कहा।
यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल, एनडीआरएफ, पैरामिलिट्री फोर्स, बम निरोधक दस्ता एवं एंटी टेरर स्क्वॉड की तैनाती भी शीघ्र की जाएगी। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर, प्रभारी निरीक्षक सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत, प्रभारी निरीक्षक गुप्तकाशी राकेश कुमार, चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड रघुवीर सिंह रावत सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।  कुल मिलाकर, केदारनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए प्रशासन व्यापक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.