संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, गंगा में डूबे युवक की तलाश तेज
1 min read
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला और युवक सैलून चलाता था। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं दूसरी ओर एक युवक गंगा के तेज बहाव में बह गया, जिसकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
रविवार को तक्षशिला स्कूल के पास किराए पर रहने वाले युवक (18) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस को मिली। थानाध्यक्ष अजय शाह ने टीम के साथ जांच की तो पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां युवक का शव पंखे से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक कॉलोनी में सैलून चलाता था, लेकिन पिछले कुछ समय से कामकाज ठप पड़ गया था, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगा था। वह दुकान बंद करने की बात भी कह रहा था। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
भूपतवाला स्थित एक आश्रम में रह रहे युवक के गंगा में डूबकर लापता होने से हड़कंप मच गया। देर शाम तक चले सर्च अभियान के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। खोजबीन जारी है, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। नवीन चंद पाठक (26) निवासी बागेश्वर पिछले करीब तीन महीने से भूपतवाला स्थित विवेकस्थली आश्रम में रहकर पूजा-पाठ का अध्ययन कर रहा था। शनिवार शाम वह परमार्थ घाट पर पूजा-अर्चना के बाद गंगा में स्नान करने लगे। इसी बीच तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते गहरे पानी की ओर बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया। अंधेरा होने तक खोजबीन जारी रही, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है।
