हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रेटेजिक मंच थिंक टैंक के सदस्यों ने राज्यपाल से की भेंट
1 min read
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से लोक भवन में भारत हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रेटेजिक मंच थिंक टैंक के सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने सदस्यों के अनुभवों और उनके गहन ज्ञान के आधार पर विभिन्न सामरिक एवं वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
थिंक टैंक के वरिष्ठ पूर्व सैन्य अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों द्वारा वर्तमान वैश्विक परिदृश्य और इसके राष्ट्रीय प्रभावों पर भी चर्चा की गई। बैठक के दौरान आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप, साइबर और तकनीकी आयाम, ऊर्जा सुरक्षा तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संभावित प्रभावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने विशेषज्ञों के विचारों और अनुभवों की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में वैश्विक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि जहां पारंपरिक युद्ध के साथ-साथ तकनीक, सूचना और आर्थिक आयाम भी उतने ही महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे गहन और सार्थक विमर्श न केवल नीति-निर्माण को सुदृढ़ दिशा प्रदान करेंगे, बल्कि बदलती चुनौतियों को समझने और उनके समाधान खोजने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह (से नि), भारत के पूर्व विदेश सचिव एवं राजदूत श्याम सरन, वाइस एडमिरल ए. जी. थपलियाल (से नि), एयर वाइस मार्शल अरविंद वर्मा (से नि), मेजर जनरल संजय शर्मा (से नि), मेजर जनरल अभय कार्की (से नि) , ब्रिगेडियर संतोष नायर (से नि) , ब्रिगेडियर अनिल शर्मा (से नि), ब्रिगेडियर अनिर्बान दत्ता (से नि), श्री संजीव चोपड़ा, शत्रुघ्न सिंह, प्रो. दुर्गेश पंत मौजूद रहे।
