नशा मुक्त देवभूमि और सुरक्षित डिजिटल भविष्य की ओर कदम

1 min read
देहरादून। जिले में पुलिस का शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को अपराधों के प्रति जागरुक करने का अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक गुप्तकाशी राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा जूनियर हाई स्कूल पाट्यूं ताल जामण और बड़ेथ में एक विशेष जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया।
वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर हाइजीन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी साझा न करने और गेमिंग ऐप्स के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के प्रति सतर्क किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा, यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना डरे तत्काल 1930 पर कॉल करें या स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरुक किया गया। पुलिस टीम ने बच्चों को बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और भविष्य को अंधकार में धकेल देता है। प्रभारी निरीक्षक ने बच्चों को ड्रग फ्री देवभूमि के संकल्प की याद दिलाते हुए उन्हें अपने आसपास हो रही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पोक्सो एक्ट और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां भी दी गईं। बच्चों को आपातकालीन स्थिति में सहायता को लेकर 112 (पुलिस सहायता) और स्थानीय थाना गुप्तकाशी के सम्पर्क नंबर उपलब्ध कराए गए। अभियान के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक गण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे कानून के प्रति सजग होते हैं।
Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.