रेत से भरे डंपर ने बाइक सवार को कुचला

हल्द्वानी। सोमवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे ने माहौल तनावपूर्ण कर दिया। रेत से लदे एक डंपर ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी, जो करीब एक घंटे तक धधकता रहा। खबर जनपद उधम सिंह नगर से है।
सुबह करीब 8 बजे ढकिया नंबर एक निवासी 58 वर्षीय जयपाल सिंह बाइक से किसी काम के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आए खनन सामग्री से लदे डंपर (यूपी 21 सीटी 6334) ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि जयपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोग जमा हो गए और हाल ही में क्षेत्र में हुए अन्य हादसों की याद से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। भारी वाहनों की आवाजाही को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए लोगों ने डंपर में आग लगा दी।
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआत में भीड़ ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। हालात बिगड़ते देख एसपी स्वपन किशोर सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों के समझाने के बाद फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर को भी जब्त कर लिया गया है। क्षेत्र में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, जबकि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.