ट्रैक्टर-ट्रॉली व बाइक की जोरदार भिड़ंत से गई दो लोगों की जान

1 min read

हरिद्वार। लक्सर से भीषण सड़क की हादसे की खबर सामने आई है। हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खनन सामग्री से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली का अचानक टायर फट गया था, जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली बेकाबू होकर सामने से आ रही मोटरसाइकिल से भी जा भिड़ी। इस हादसे में 22 साल के ट्रैक्टर ड्राइवर और 25 के बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीपली गांव निवासी नवीन ट्रैक्टर-ट्रॉली में मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार पांच दिसंबर को नवीन सोनाली नदी से खनन सामग्री लेकर लौट रहा था। बताया जा रहा कि तभी बीच रास्ते में हुसैनपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली का अचानक से टायर फट गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर सामने आ रही बाइक से जा भिड़ी।
इस हादसे में जैनपुर निवासी बाइक सवार मेहताब और ट्रैक्टर चालक नवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को पास के हॉस्पिटल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही जैनपुर और पीपली गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी हंगामा किया और कोतवाली पहुंचकर अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि ओवरलोड खनन वाहनों के कारण क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है।
इस पूरे मामले पर लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रोथान ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों वाहन कोतवाली लाए गए हैं। जांच की जा रही है। जांच उपरांत अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.