नगर निकाय चुनावः 30,83,500 मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

1 min read

-राज्य में 601 संवेदनशील और 422 अति संवेदनशील मतदान केंद्र

देहरादून। उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव में 30,83,500 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य में 601 संवेदनशील और 422 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं, इन मतदान केदों पर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। चुनाव बैलेट पेपर पर होंगे, सभी जिलों में बैलेट पेपर पहुंच गए हैं। एक मतदाता अपने वार्ड प्रत्याशी के अलावा एक वोट मेयर या निकाय अध्यक्ष के लिए भी कर सकेगा। निकाय चुनाव के दृष्टिगत 25000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें मतदान दल, मतगणना कर्मचारी, पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान और वापसी में लगे कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिगत करीब 18000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रदेश में 23 जनवरी को होने वाले मतदान के लिए राज्य निर्वाचन आयोग तैयारियांें को अंतिम रूप देने में जुटा है। मतगणना 25 जनवरी को होगी। उत्तराखंड में वर्ष 2018 के निकाय चुनाव में प्रदेश में 25,36,408 मतदाता थे, जिनकी संख्या इस बार बढ़कर 30,83,500 पहुंच गई है। आयोग ने दिसंबर महीने में तीन दिन का विशेष अभियान चलाये, जिसमें 24,948 नए मतदाता बने। इनमें 10,328 मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार वोट करेंगे। चुनाव में इस बार 15,89,467 पुरुष, 14,93,519 महिला और 514 अन्य मतदाता शामिल हैं। चुनाव नतीजे आयोग की वेबसाइट पर लाइव प्रसारित किए जाएंगे। राज्य में कुल 1518 मतदान केंद्र और 3393 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इनमें से 601 मतदान केंद्रों के 1292 मतदेय स्थल संवेदनशील व 422 मतदान केंद्रों के 1078 मतदेय स्थल अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
सात नगर निगमों में महिलाओं के लिए 70 पिंक बूथ बनाए गए हैं। इनमें देहरादून में 20, ऋषिकेश में पांच, हरिद्वार में 10, रुड़की में पांच, रुद्रपुर में 15, काशीपुर में पांच और हल्द्वानी में 10 वार्डों में पिंक बूथ बनाए गए हैं। निकाय चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं को विशेष सुविधा मिलेगी। जो दिव्यांग मतदाता चलने-फिरने में असमर्थ हैं, उन्हें घर से मतदान केंद्र तक परिजन वाहन से ला सकते हैं। अगर परिजन के पास वाहन नहीं होगा तो जिलाधिकारी स्तर से ऐसे मतदाता को मतदान केंद्र लाने-ले जाने के लिए सरकारी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।
राज्य में नगर निकाय चुनाव में 5,399 प्रत्याशी चुनावी मैदान हैं, जिनमें निकाय अध्यक्ष पद के लिए 514 प्रत्याशी और पार्षद/सभासद पद के लिए 4,885 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। 11 नगर निगमों में मेयर पद के लिए 72 प्रत्याशी और पार्षद पद के लिए 2009 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। 43 नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 211 प्रत्याशी और सभासद पद के लिए 1596 प्रत्याशी चुनावी रण में हैं। 46 नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 231 प्रत्याशी और सभासद पद के लिए 1280 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने तक आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
चुनाव तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है प्रचार अभियान तेज हो रहा है। भाजपा व कांग्रेस के स्टार प्रचारक जगह-जगह जनसभाएं और नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। प्रत्याशी और कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की हर कोशिश की जा रही है। राज्य में ज्यादातर जगह मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच है, लेकिन कुछ जगह निर्दलीय उम्मीदवार भी मजबूत स्थिति में हैं।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.