दून में तंजानिया व जिम्बाब्वे के दो तस्कर 23 लाख की कोकीन के साथ गिरफ्तार

1 min read

देहरादून। थाना राजपुर पुलिस ने कोबरा गैंग के दो शातिर विदेशी पैडलर को होटल हयात कट ओल्ड मसूरी रोड से गिरफ्तार किया है। तस्करों के कब्जे से 33 ग्राम कोकिन बरामद हुई है। बरामद कोकीन की कीमत 23 लाख रुपए है। इससे पहले भी कोबरा गैंग की दो विदेशी महिला तस्करों सहित 7 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इन तस्करों से 2।5 करोड़ रुपए की करीब 200 ग्राम कोकीन बरामद हुई थी।
बता दें कि नव वर्ष और नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस द्वारा होटल, रेस्टोरेंट, बार, वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि कोबरा गैंग के 2 मुख्य पैडलर मसूरी में आयोजित होने वाली एक बड़ी पार्टी में कोकीन की सप्लाई करने जा रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और कुठालगेट बैरियर निकट होटल हयात कट ओल्ड मसूरी रोड से 2 विदेशी नागरिक प्रिंसेली को 20 ग्राम कोकीन और उसके साथी माखोसेलीजवे को 13 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया। दोनों तस्करों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना राजपुर प्रभारी पीड़ी भट्ट ने बताया कि आरोपी कोबरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और मूल रूप से तंजानिया और जिम्बाब्वे देश के नागरिक हैं। यह अक्सर अपने देश तंजानिया और जिम्बाब्वे से देहरादून आते-जाते रहते हैं। उनके द्वारा कोकीन दिल्ली से लाकर डिमांड के हिसाब से देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने एजेंट और पैडलर को सप्लाई की जाती है। उन्होंने कहा कि नव वर्ष पर मसूरी में आयोजित होने वाली बड़ी पार्टी में कोकीन सप्लाई करने के लिए तस्कर कुछ दिन पहले कोकीन को दिल्ली से लाए थे। आज पर्यटकों को कोकीन सप्लाई करने के लिए मसूरी जा रहा थे, लेकिन वो अपने इरादे में नाकामयाब रहे।

Copyright, Mussoorie Times©2023, Design & Develop by Manish Naithani 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.